मुंबई। अभिनेता रोहित रॉय ने टेलीविजन इंडस्ट्री को लेकर अपनी बेबाक राय जाहिर की है। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने टीवी को ‘कूड़ेदान का मीडियम’ तक कह दिया। रोहित का कहना है कि भारतीय टेलीविजन पर लंबे समय से एक जैसे कंटेंट बनाए जा रहे हैं और इसमें रचनात्मकता की कमी दिखाई देती है।
रोहित रॉय ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में टीवी इंडस्ट्री पर बात करते हुए कहा कि टेलीविजन का कंटेंट आज देखा जाता है और अगले दिन लोग उसे भूल जाते हैं। उन्होंने टीवी की तुलना पुराने अखबार से करते हुए कहा कि जिस तरह अखबार की खबर अगले दिन पुरानी हो जाती है, उसी तरह टीवी का कंटेंट भी जल्दी भुला दिया जाता है।
‘भारत में एक ही तरह का कंटेंट बन रहा है’
रोहित ने कहा कि उन्हें टीवी इंडस्ट्री के बारे में यह सवाल कई बार पूछा जा चुका है और वह ऐसा जवाब देकर एहसान फरामोश नहीं दिखना चाहते, क्योंकि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भी टीवी से की थी। इसके बावजूद उनका मानना है कि भारतीय टेलीविजन में अब नए प्रयोग और क्रिएटिविटी की कमी है।
उन्होंने कहा कि भारत में एक ही तरह का कंटेंट बार-बार बनाया जा रहा है। रोहित ने अपने पुराने शो ‘स्वाभिमान’ का उदाहरण देते हुए कहा कि इसे छोड़ दें तो शायद लोगों को यह भी याद नहीं होगा कि उन्होंने इसके अलावा कितने सीरियल में काम किया था।
टीवी और बॉलीवुड एक्टर्स में बताया अंतर
रोहित रॉय ने टीवी और बॉलीवुड कलाकारों के बीच फर्क पर भी अपनी राय रखी। उनका कहना था कि एक फिल्म अभिनेता जिस तरह खुद को सार्वजनिक जगहों पर पेश करता है, उसमें एक अलग तरह की गरिमा और सलीका दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि स्टार होने पर यह बात और ज्यादा नजर आती है। रोहित के मुताबिक हर व्यक्ति कहीं न कहीं दिखावा करता है, लेकिन खुद को ग्रेस और गरिमा के साथ पेश करना अलग बात है। उन्होंने टीवी एक्टर्स की भीड़ और उनके व्यवहार का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी कलाकार को सार्वजनिक रूप से शोर-शराबे या गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से बचना चाहिए और अपने आपको एक सलीके से पेश करना चाहिए।
टीवी से मिली रोहित रॉय को पहचान
रोहित रॉय ने 1994 में फिल्म ‘जज्बात’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्हें टीवी शो ‘स्वाभिमान’ से बड़ी पहचान मिली। आगे चलकर वह ‘कुसुम’, ‘किट्टी पार्टी’, ‘देश में निकला होगा चांद’ और ‘विरासत’ जैसे धारावाहिकों में नजर आए।
रोहित रॉय के भाई रोनित रॉय भी अभिनय की दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं। रोहित हाल के वर्षों में फिल्मों और वेब सीरीज में भी सक्रिय रहे हैं और ‘चुंबक’ नाम की वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं।








