‘मैं हूं ना’ के सीक्वल का इंतजार खत्म होगा? फराह खान ने दिया बड़ा हिंट

0

डेस्क : शाहरुख खान की लोकप्रिय फिल्म ‘मैं हूं ना’ के सीक्वल को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। फिल्म की निर्देशक फराह खान की एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद प्रशंसक ‘मैं हूं ना 2’ बनने की अटकलें लगा रहे हैं।

दरअसल, अभिनेता अर्जुन कपूर ने हाल ही में शाहरुख खान की वर्ष 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘मैं हूं ना’ देखते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने फिल्म को अपनी पसंदीदा फिल्मों में बताते हुए इसके सीक्वल की मांग की और फराह खान को भी टैग किया।

अर्जुन कपूर की पोस्ट को फराह खान ने री-पोस्ट करते हुए लिखा, ‘अगर किसी चीज को दिल से मांगो…’। फराह के इस जवाब को फिल्म के सीक्वल से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने आधिकारिक तौर पर ‘मैं हूं ना 2’ की घोषणा नहीं की है।

शाहरुख और फराह की सफल जोड़ी

‘मैं हूं ना’ वर्ष 2004 में रिलीज हुई थी और यह फराह खान के निर्देशन में बनी पहली फिल्म थी। इसमें शाहरुख खान के साथ जायेद खान, सुष्मिता सेन, अमृता राव और सुनील शेट्टी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म में शाहरुख ने मेजर राम प्रसाद शर्मा का किरदार निभाया था।

शाहरुख खान और फराह खान ने इसके बाद ‘ओम शांति ओम’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ में भी साथ काम किया। दोनों की अगली फिल्म को लेकर भी प्रशंसकों में लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई है।

फिलहाल ‘मैं हूं ना’ के सीक्वल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन फराह खान की पोस्ट ने फिल्म के प्रशंसकों के बीच नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है।