डेस्क : सऊदी अरब में मक्का और जेद्दा समेत चार क्षेत्रों में संभावित खतरे को लेकर जारी चेतावनी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने मक्का, जेद्दा, ताइफ़ और यनबू के लिए अलर्ट जारी किया था, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद इसे वापस ले लिया गया। हालांकि, अधिकारियों की ओर से चेतावनी जारी करने के पीछे की स्पष्ट वजह नहीं बताई गई।
चेतावनी के दौरान नागरिकों को निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने मिसाइलों और ड्रोन को रोकने से जुड़ी तस्वीरें तथा सूचनाएं साझा करने को लेकर भी सतर्क रहने की हिदायत दी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब मध्य पूर्व में क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं। यमन में सक्रिय हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच लंबे समय से तनाव रहा है। हाल के घटनाक्रमों के बीच सऊदी अरब के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
रिपोर्टों के अनुसार, मिसाइलों को रोकने के दौरान निकले मलबे के कुछ हिस्से मक्का और मदीना सहित विभिन्न स्थानों पर गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यनबू और ताइफ़ की दिशा में दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने का दावा किया है।
गौरतलब है कि मक्का और मदीना इस्लाम के सबसे पवित्र शहर हैं, जबकि जेद्दा सऊदी अरब का प्रमुख व्यावसायिक और समुद्री केंद्र है। ऐसे में इन क्षेत्रों से जुड़ी सुरक्षा चेतावनियों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर रखी जाती है। फिलहाल, अलर्ट वापस लिए जाने के बाद उसके कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।









