मसूद अजहर पर इनाम रखकर पाकिस्तान ने खेला नया दांव, उठे कई सवाल

0

डेस्क : पाकिस्तान ने जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को अपनी नई मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल किया है। पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एफआईए) की 2026 की ‘रेड बुक’ में मसूद अजहर को फरार घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी या उसके बारे में सूचना देने वाले के लिए इनाम बढ़ाकर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये कर दिया गया है। पहले यह इनाम 20 लाख पाकिस्तानी रुपये था।

मसूद अजहर भारत में हुए कई आतंकी हमलों और साजिशों में वांछित रहा है। जैश-ए-मोहम्मद को संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। भारत लंबे समय से पाकिस्तान पर मसूद अजहर और उसके संगठन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का दबाव बनाता रहा है।

पाकिस्तान का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब अक्टूबर में वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) की पूर्ण बैठक प्रस्तावित है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस बैठक से पहले पाकिस्तान की ओर से उठाए गए इस कदम को आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के तौर पर पेश करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

पाकिस्तान लंबे समय से दावा करता रहा है कि मसूद अजहर उसके देश में नहीं है और वह अफगानिस्तान में छिपा हुआ है। हालांकि, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के आकलन को लेकर रिपोर्टों में उसके पाकिस्तान में होने की बात कही गई है। ऐसे में पाकिस्तान की मोस्ट वांटेड सूची में उसका नाम शामिल करना और इनाम बढ़ाना कई सवाल भी खड़े करता है।

एफआईए की नई रेड बुक में मुंबई के 26/11 आतंकी हमलों से जुड़े 19 आतंकियों के नाम भी शामिल किए गए हैं। इनमें हमले के लिए आर्थिक मदद, साजो-सामान और समुद्री रास्ते से हमलावरों को मुंबई पहुंचाने में मदद करने वाले लोग शामिल हैं।