डेस्क : राजस्थान में हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने पार्टी के विजयी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कम अंतर वाली सीटों पर भारतीय जनता पार्टी सत्ता और सरकारी मशीनरी का कथित रूप से दुरुपयोग कर बोर्ड बनाने की कोशिश कर सकती है।
पायलट ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि चुनाव में जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें। उन्होंने चुनाव में मेहनत करने वाले कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कई स्थानों पर कम अंतर से परिणाम आने के कारण भाजपा द्वारा सत्ता का दुरुपयोग किए जाने का खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर दबाव, धमकी और अन्य तरीकों से परिणामों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है। पायलट ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनादेश को कमजोर करने या लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी तरह का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि राजस्थान के 309 नगरीय निकायों में हुए चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को बेहद मामूली अंतर से पीछे छोड़ा है। भाजपा को कुल पड़े मतों में 35.18 प्रतिशत वोट मिले, जबकि कांग्रेस को 34.24 प्रतिशत मत प्राप्त हुए। भाजपा को 37,35,567 और कांग्रेस को 36,35,952 वोट मिले। दोनों दलों के बीच 99,615 मतों का अंतर रहा और जीत का अंतर 0.94 प्रतिशत रहा।
इन चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें कुल 27.38 प्रतिशत वोट मिले। वहीं नोटा को 1.03 प्रतिशत मत प्राप्त हुए। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को 0.94 प्रतिशत, आम आदमी पार्टी को 0.46 प्रतिशत, माकपा को 0.32 प्रतिशत, बहुजन समाज पार्टी को 0.28 प्रतिशत और भारत आदिवासी पार्टी को 0.13 प्रतिशत वोट मिले।
जयपुर नगर निगम बोर्ड में भाजपा ने 78 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं कई निकायों में निर्दलीय उम्मीदवार निर्णायक भूमिका में रहे, जहां किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला।
इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर प्रदेश की जनता का आभार जताया था। उन्होंने कहा था कि चुनाव परिणाम सुशासन और विकास की भाजपा की नीतियों तथा ‘डबल इंजन’ सरकार के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाते हैं।








