ओडेसा बंदरगाह पर कमर्शियल जहाज पर हमला, दो भारतीय नाविक लापता

0

डेस्क : रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद दो भारतीय नाविक लापता बताए जा रहे हैं। यह घटना 25 जुलाई को मर्चेंट वेसल एमवी एजीएन रैगनर पर हुई। जहाज पर चार भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से दो सुरक्षित हैं, जबकि दो अन्य की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

कीव स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास के अनुसार, लापता भारतीय क्रू सदस्यों की तलाश जारी है।

ओडेसा बंदरगाह क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले 19 जुलाई को मालवाहक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले में चार भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद भारत ने काला सागर क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नाविकों के लिए सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी भी जारी की है।

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नाविकों को जोखिम वाले समुद्री मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने और किसी भी शिपिंग कंपनी या भर्ती एजेंसी से जुड़ने से पहले जहाज के रूट, पोर्ट, बीमा और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी लेने की सलाह दी है।