डेस्क : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 2028 में होने वाला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह अब चुनावी राजनीति से दूर रहेंगे, लेकिन सक्रिय राजनीति में बने रहकर जनता के मुद्दों के लिए काम करते रहेंगे।
सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह अब 79 वर्ष के हैं और 2028 तक उनकी उम्र 81-82 वर्ष हो जाएगी। उन्होंने उम्र और स्वास्थ्य को अपने फैसले की प्रमुख वजह बताते हुए कहा कि अब पहले जैसी ऊर्जा के साथ काम करना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में चुनाव लड़ना काफी महंगा हो गया है और चुनाव के दौरान मतदाताओं को पैसे बांटने जैसी प्रवृत्तियां बढ़ गई हैं। सिद्धारमैया ने कहा कि जब उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी, तब जनता खुद चुनाव लड़ने के लिए आर्थिक मदद करती थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्होंने 1978 में तालुक बोर्ड के सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। 2028 तक उनके राजनीतिक जीवन के 50 वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस लंबे राजनीतिक सफर में उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
सिद्धारमैया ने कहा कि वरुणा विधानसभा क्षेत्र के लोग उनसे एक बार फिर चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति से पूरी तरह दूर नहीं होंगे और अपना बाकी जीवन जनता की सेवा में समर्पित रखेंगे।








