डेस्क : जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव की गिरफ्तारी को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। तेजप्रताप की गिरफ्तारी पर उनके छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों को रिहा नहीं किया गया और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पटना में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कई धाराएं लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से आग्रह नहीं, बल्कि चेतावनी है कि जेल में बंद लोगों को रिहा किया जाए और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं, अन्यथा विपक्ष आंदोलन करेगा।
तेजस्वी यादव ने बिहार में पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 21 वर्षों में सिपाही भर्ती, बीपीएससी और नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाया नहीं जाता, तब तक यह मामला रुकने वाला नहीं है।
उन्होंने सीवान में छात्रों पर गोली चलाए जाने का भी आरोप लगाया और कहा कि बिहार के विभिन्न जिलों से पुलिस की कार्रवाई और कथित फर्जी मुकदमों की शिकायतें सामने आ रही हैं। तेजस्वी ने कहा कि यदि गिरफ्तार लोगों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो विपक्ष बड़ा आंदोलन करेगा।
बताया गया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहार बंद के दौरान कई जिलों में प्रदर्शन हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने तेजप्रताप यादव को गिरफ्तार किया। उन पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों को हिंसा के लिए उकसाने का आरोप है। उनके वकील ने हत्या के प्रयास से संबंधित धारा लगाए जाने का दावा किया है।









