‘पाकिस्तानी कश्मीर’ शब्द पर भारत की आपत्ति, कहा- सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर है PoK

0

डेस्क : पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ बताए जाने पर भारत ने अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स पर कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने स्पष्ट किया है कि यह क्षेत्र देश का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है और इसे किसी अन्य नाम से संबोधित करना गलत एवं भ्रामक है।

अमेरिका में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कोई पाकिस्तानी कश्मीर नहीं है, केवल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर है।” दूतावास ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश हमेशा से भारत का अभिन्न हिस्सा रहे हैं और भविष्य में भी रहेंगे।

भारतीय दूतावास ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह अवैध रूप से भारतीय क्षेत्रों के एक हिस्से पर कब्जा किए हुए है और वहां के लोगों के खिलाफ हिंसा का इस्तेमाल कर रहा है।

यह प्रतिक्रिया द न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हालिया अशांति और स्थानीय चुनावों से जुड़ी घटनाओं का जिक्र किया गया था। रिपोर्ट में क्षेत्र को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ के नाम से संबोधित किया गया था, जिस पर भारत ने आपत्ति दर्ज कराई।

अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, मीरपुर में सुरक्षा बलों और जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के सदस्यों के बीच झड़प के बाद हिंसा भड़क गई। यह संगठन कथित पुलिस ज्यादतियों के विरोध में प्रदर्शन कर रहा था। रिपोर्ट में बताया गया कि गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौत हुई।

द न्यूयॉर्क टाइम्स ने यह भी बताया कि पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग ने इन मौतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में कई हफ्तों से जारी तनाव का असर चुनावी प्रक्रिया पर भी पड़ा है।

हालांकि, रिपोर्ट में जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के उन दावों का भी उल्लेख किया गया, जिसमें संगठन ने पुलिस कार्रवाई में अपने कई सदस्यों की मौत का आरोप लगाया था। अखबार ने स्पष्ट किया कि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

भारत लंबे समय से यह रुख दोहराता रहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित पूरा क्षेत्र देश का संप्रभु हिस्सा है और पाकिस्तान के कब्जे वाले हिस्से पर उसका अवैध नियंत्रण है।