पीएम मोदी ने यूएई राष्ट्रपति से की बात, क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर हुआ मंथन

0

डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच शुक्रवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में जारी घटनाक्रम के साथ-साथ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

बातचीत के दौरान भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार किया।

यूएई के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा उन्होंने ब्रिक्स की सफल अध्यक्षता के लिए भारत को बधाई भी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके लिए शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का आभार जताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में यूएई के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की भागीदारी के लिए भी धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए आपसी सहयोग तथा समन्वय जारी रखने पर सहमति जताई।