‘पूरे परिवार की डिग्रियां जोड़ लें तो भी…’, प्रियंका पर अनुराग ठाकुर का तीखा हमला

0

नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटि को लेकर टिप्पणी की। इस पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोला और उनके बयान को देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक का अपमान बताया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस प्रोफेसर कामकोटि का मजाक उड़ाया जा रहा है, उनके सामने पूरे गांधी परिवार की डिग्रियां भी जोड़ दी जाएं तो वह उनके बराबर नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर कामकोटि देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक हैं और आईआईटी मद्रास के निदेशक रह चुके हैं। वह कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग के विशेषज्ञ हैं और इंटेलिजेंस टास्क फोर्स के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि प्रियंका गांधी ने सदन में प्रोफेसर कामकोटि को ‘गोमूत्र विशेषज्ञ’ कहकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में विशेषज्ञ होने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा और पारंपरिक विषयों पर भी शोध कर सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी वैज्ञानिक का अपनी जड़ों और भारतीय परंपराओं से जुड़ना कांग्रेस को क्यों आपत्तिजनक लगता है।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर भारतीय परंपराओं का उपहास उड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में जिन विषयों पर शोध हो रहा है, उनका मजाक उड़ाने के बजाय उन पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक होने का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति अपनी सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं से कट जाए।

भाजपा सांसद ने प्रियंका गांधी और राहुल गांधी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी से अलग नजर आएंगी, लेकिन प्रोफेसर कामकोटि पर की गई टिप्पणी के बाद उन्हें दोनों भाई-बहन एक जैसे लगते हैं। अनुराग ठाकुर की इस टिप्पणी के बाद सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।