सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की सरकार को चेतावनी, छात्रों को परेशान किया तो होगा बड़ा प्रदर्शन

0

नई दिल्ली :  कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने छात्रों को कथित रूप से परेशान किए जाने के मामले में पुलिस और सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को निशाना बनाने और उन्हें परेशान करने का सिलसिला जारी रहा तो पार्टी जल्द ही बड़े और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आयोजन करेगी।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सरकार से छात्रों को परेशान करना बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई जारी रहने की स्थिति में सीजेपी शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के माध्यम से इसका जवाब देगी।

इससे पहले पार्टी के प्रवक्ताओं की ओर से भी प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग स्थानों पर परेशान किए जाने के आरोप लगाए गए थे। पार्टी नेताओं ने सरकार से प्रदर्शनकारियों से किए गए वादों को पूरा करने की मांग की है। सीजेपी नेताओं का कहना है कि उनका अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।

पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने हाल ही में कहा था कि संगठन युवाओं के मुद्दों के साथ-साथ शिक्षा और शासन व्यवस्था में सुधार से जुड़े विषयों को भी उठाता रहेगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए वकीलों से जोड़ने की योजना की भी जानकारी दी थी।

सीजेपी की ओर से प्रदर्शन के दौरान कथित ज्यादतियों से जुड़े वीडियो, तस्वीरें और बयान एकत्र करने के लिए ‘साक्षी’ नाम से एक पोर्टल शुरू करने की बात भी कही गई है। पार्टी का कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इससे एक दिन पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी चेतावनी दी थी कि यदि सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और उनकी रिहाई को लेकर लिखित आश्वासन नहीं देती है, तो आंदोलन फिर से शुरू किया जा सकता है।