नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और खासतौर पर इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं से जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज का युवा इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय है, इसलिए मंत्रियों को भी इस मंच का प्रभावी इस्तेमाल करना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बैठक के दौरान मंत्रियों से पूछा कि कितने मंत्री इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं। उन्होंने मंत्रियों को रील पोस्ट करने की सलाह देते हुए कहा कि सभी को युवाओं के साथ जुड़े रहने की जरूरत है।
यह सलाह ऐसे समय में सामने आई है, जब छात्रों के आंदोलन को सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर व्यापक समर्थन और पहुंच मिल रही है। युवा प्रदर्शन से जुड़े वीडियो और रील बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे आंदोलन की जानकारी तेजी से अन्य लोगों तक पहुंच रही है।
बैठक में परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मामलों पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के प्रावधान वाले संशोधन विधेयक के मसौदे को मंजूरी दी। प्रस्तावित प्रावधानों में फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन, सख्त सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले भी पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा था कि युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।








