सहारनपुर की पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, दो मजदूरों की मौत; दो अब भी लापता

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार शाम एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो से तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास का इलाका दहल उठा। हादसे में दो मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि ठेकेदार समेत दो अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है। आशंका जताई जा रही है कि वे मलबे में दबे हो सकते हैं।

हादसा गांव नया कुंडा में मुख्य सड़क के किनारे संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुआ। बताया गया है कि परिसर को किराये पर लेकर गाजियाबाद निवासी व्यक्ति फैक्ट्री चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिवाली के मद्देनजर फैक्ट्री में करीब 24 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए।

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि धमाके से आसपास के घरों में भी कंपन महसूस हुआ और मुख्य मार्ग से गुजर रहे वाहनों में बैठे लोगों को भी तेज झटका लगा। हादसे में दो मजदूरों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिस ने फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फैक्ट्री करीब पांच वर्षों से संचालित होने की बात सामने आई है। पुलिस अब विस्फोट के कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच कर रही है।

प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव अभियान पूरा होने तथा मृतकों की पहचान की प्रक्रिया के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया गया है।