पसंद की शादी बनी मौत की वजह! बेटी की हत्या कर फंदे से लटकाया

0

डेस्क : बिहार के शेखपुरा जिले में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपनी पसंद से शादी करने वाली युवती की कथित तौर पर उसके माता-पिता और भाई ने हत्या कर दी। हत्या के बाद वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को घर में पंखे से लटका दिया गया। पुलिस जांच में मामला सामने आने के बाद मृतका की मां को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पिता और भाई फरार बताए जा रहे हैं।

मामला सदर थाना क्षेत्र का है और मृतका की पहचान चंचला कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2024 को चंचला का शव उसके घर में पंखे से लटका मिला था। उस समय मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया था। मृतका के पिता बचनदेव चौहान ने उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला भी दर्ज कराया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज

मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस को घटना पर संदेह हुआ। रिपोर्ट में युवती के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मिले। जांच में सामने आया कि युवती की पहले गला दबाकर हत्या की गई और इसके बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

मां गिरफ्तार, पिता और भाई फरार

पुलिस ने जांच के आधार पर युवती की मां अनिता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। अनिता सुदासपुर मिडिल स्कूल में शिक्षिका हैं। पुलिस ने उन्हें स्कूल जाते समय कमासी गांव से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतका के पिता बचनदेव चौहान और भाई शुभम कुमार भी आरोपी हैं और दोनों फिलहाल फरार हैं। जांच में माता-पिता और भाई की कथित भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने तीनों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने परिवार की पसंद के विरुद्ध विवाह और उसके नाम पर होने वाली हिंसा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।