डेस्क : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और ‘कॉकroach जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर बड़ा राजनीतिक आरोप लगाया है। पुणे में भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि CJP कोई छोटा संगठन नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक अर्थ ‘कांग्रेस जिताओ प्रोग्राम’ है। उन्होंने दावा किया कि करीब 180 ऐसे संगठन इसके साथ हैं, जो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के साथ सक्रिय रूप से जुड़े थे।
फडणवीस ने कहा कि विपक्ष अब भाजपा से वैचारिक मुकाबला करने की स्थिति में नहीं है। इसलिए अलग-अलग मुद्दों को उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने और भाजपा के खिलाफ कथित तौर पर गलत धारणा फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय होकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने का आह्वान किया।
राहुल गांधी के कार्यक्रम पर भी निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर भी निशाना साधा। उन्होंने इसे ‘झूठ की गूंज’ करार देते हुए कहा कि कार्यक्रम में किए गए कई दावों की बाद में तथ्य-जांच में पुष्टि नहीं हुई। फडणवीस ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार के बाद कांग्रेस झूठ के सहारे राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
महिला आरक्षण को लेकर राहुल पर हमला
फडणवीस ने महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर भी राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता महिला आरक्षण विधेयक के रास्ते में बाधा बने। फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला आरक्षण से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सोशल मीडिया पर सक्रियता की अपील
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फडणवीस ने सोशल मीडिया को राजनीतिक संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें और विपक्ष की ओर से बनाए जा रहे कथित ‘फर्जी नैरेटिव’ का तथ्यों के साथ जवाब दें।
फडणवीस के इन बयानों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के संकेत हैं।








