राकांपा विलय की अटकलों पर शरद पवार का विराम, बोले- हम कहीं नहीं जाएंगे

0

मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों धड़ों के संभावित विलय को लेकर चल रही अटकलों के बीच शरद पवार ने सोमवार को स्थिति स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी अन्य दल में विलय नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग उनके साथ आना चाहते हैं, वे आ सकते हैं, लेकिन उनकी पार्टी किसी के साथ नहीं जाएगी।

मुंबई में पार्टी की बैठक को संबोधित करते हुए शरद पवार ने कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में मजबूती से काम कर रही है और विलय को लेकर चल रही चर्चाओं का कोई आधार नहीं है। उनके इस बयान से शरद पवार गुट और अजित पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के धड़े के बीच संभावित विलय की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

दरअसल, पिछले कुछ समय से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के फिर से एक साथ आने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज थीं। शरद पवार और अजित पवार के नेतृत्व वाले गुटों के बीच नजदीकी बढ़ने की खबरों के बाद विलय की संभावनाओं को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, शरद पवार ने इन चर्चाओं को खारिज कर दिया।

शरद पवार ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अपने राजनीतिक रास्ते पर आगे बढ़ेगी।

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

पार्टी की बैठक में महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति, किसानों की समस्याओं और राहत उपायों को लेकर भी चर्चा हुई। शरद पवार ने सरकार के राहत उपायों पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल फसल ऋण की वसूली रोकना कर्जमाफी के समान नहीं है। उन्होंने किसानों की मांगों को लेकर सरकार के समक्ष ज्ञापन देने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने की बात कही।