डेस्क :रूस की ओर से किए गए ड्रोन हमले में यूक्रेन की राजधानी कीव में एक गोदाम नष्ट हो गया। इस गोदाम में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की पूर्व टीवी प्रोडक्शन कंपनी क्वार्टल 95 के कार्यक्रमों में इस्तेमाल होने वाले सेट, पोशाकें और अन्य सामान रखे थे। कंपनी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। हमले में कंपनी के कर्मचारियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है।
क्वार्टल 95 ने फेसबुक पर जारी बयान में कहा कि रूसी ड्रोन के एक और हमले में उसका वह गोदाम पूरी तरह नष्ट हो गया, जहां स्टूडियो के प्रॉप्स रखे हुए थे। कंपनी के मुताबिक, इस घटना में बड़ी संख्या में सेट, कॉस्ट्यूम और अन्य वस्तुएं नष्ट हो गईं, जो पिछले करीब 20 वर्षों से उसके संगीत कार्यक्रमों, टीवी शो, फिल्मों और धारावाहिकों का हिस्सा रही थीं।
कंपनी ने गोदाम में लगी भीषण आग और उसके बाद बिखरे मलबे की तस्वीरें भी साझा कीं। तस्वीरों में गोदाम के भीतर जली हुई वस्तुएं और चारों ओर फैला मलबा दिखाई दे रहा है।
जेलेंस्की ने 2003 में हास्य कलाकार के रूप में काम करते हुए क्वार्टल 95 प्रोडक्शन कंपनी की सह-स्थापना की थी। कंपनी ने यूक्रेन के कई लोकप्रिय टीवी कार्यक्रमों का निर्माण किया। इनमें वह हास्य धारावाहिक भी शामिल था, जिसमें एक साधारण व्यक्ति के राष्ट्रपति बनने की कहानी दिखाई गई थी। इसी कार्यक्रम ने जेलेंस्की को यूक्रेन में व्यापक लोकप्रियता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रपति बनने से पहले जेलेंस्की ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा टेलीविजन और मनोरंजन उद्योग में बिताया था। उन्होंने रूस में भी काम किया और 2013 में रूसी सरकारी टेलीविजन के नए साल के कार्यक्रम की सह-मेजबानी की थी।
मॉस्को द्वारा 2014 में क्रीमिया के विलय के बाद क्वार्टल 95 ने रूस में अपना काम बंद कर दिया था। हमले को लेकर जेलेंस्की की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








