सीट शेयरिंग पर राजेंद्र पाल गौतम का सपा को संदेश, 200 सीटों पर कांग्रेस का दावा

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है। कांग्रेस ने अब प्रदेश की 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा पेश किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है और पार्टी कम से कम 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की हकदार है।

राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में शामिल है और उसका अपना जनाधार तथा राजनीतिक इतिहास है। ऐसे में सीटों के बंटवारे में पार्टी की ताकत और उसकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जीत के लक्ष्य के साथ गठबंधन में है, लेकिन इसके लिए सीटों का उचित बंटवारा भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर कांग्रेस अपनी मांग और पक्ष मजबूती से रखेगी। हालांकि, गठबंधन की एकजुटता और चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए पार्टी जरूरत के मुताबिक लचीला रुख अपनाने को भी तैयार है। गौतम ने उम्मीद जताई कि अक्टूबर तक सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी, जिससे दोनों दलों को चुनावी तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

कांग्रेस प्रभारी का यह बयान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि गठबंधन में कितनी सीटें किस दल को मिलती हैं, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण गठबंधन की जीत है। अखिलेश ने कहा था कि “बात सीट की नहीं, जीत की है।”

इसके जवाब में कांग्रेस नेता इमरान मसूद भी कह चुके हैं कि “सीट होगी तभी जीत होगी।” अब राजेंद्र पाल गौतम के 200 सीटों पर दावे के बाद सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत और सियासी बयानबाजी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।