डेस्क : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘बात सीट की नहीं, जीत की है’ वाले बयान पर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने पलटवार किया है।
इमरान मसूद ने कहा कि अखिलेश यादव की बात सुनने में अच्छी लगती है कि मुद्दा सीट का नहीं, जीत का है, लेकिन जब सीट ही नहीं होगी तो जीत कैसे होगी। सीट होगी, तभी जीत होगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की जीत के लिए सीटों का बंटवारा भी जरूरी है और इस मुद्दे को जल्द सुलझाया जाना चाहिए।
दरअसल, अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर गठबंधन के सहयोगियों को एकजुटता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि गठबंधन में कितनी सीटें किस दल के पास जाएंगी, यह बड़ी बात नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि सभी दल मिलकर गठबंधन की जीत सुनिश्चित करें। अखिलेश ने कहा था कि “बात सीट की नहीं, जीत की है।”
अखिलेश के इस बयान के बाद इमरान मसूद की प्रतिक्रिया को सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर जारी मतभेदों से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस लगातार जल्द सीट बंटवारा तय करने पर जोर दे रही है, जबकि सपा की ओर से जीत की संभावना और चुनावी समीकरण को प्राथमिकता देने की बात कही जा रही है।
इमरान मसूद ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा जल्द स्पष्ट होना चाहिए, ताकि चुनावी तैयारी मजबूती के साथ शुरू की जा सके। वहीं, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस की ओर से 150 सीटों की मांग की बात कभी नहीं कही गई और पार्टी गठबंधन के लिए जरूरत के मुताबिक लचीला रुख अपनाने को तैयार है।








