डेस्क : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने अब पंजाब के शिक्षा मंत्री को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन करने की मांग की।
अभिजीत दीपके के वीडियो में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खुशी जताते हुए कहा गया कि यदि सरकार के सामने झुका नहीं जाए तो बड़े से बड़े लोगों से भी इस्तीफा लिया जा सकता है। इस वीडियो को साझा करते हुए श्वेता तिवारी ने पूछा कि अब पंजाब के शिक्षा मंत्री कब इस्तीफा देंगे और कॉकरोच जनता पार्टी वहां कब विरोध प्रदर्शन करने वाली है।
दरअसल, पंजाब में फार्मेसी अधिकारी पदों की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद सामने आया था। करीब ४५४ पदों के लिए हुई परीक्षा में लगभग ७,००० अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मामले में कथित गड़बड़ियों के बाद कई लोगों की गिरफ्तारी भी हुई थी। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी इस्तीफे की पेशकश की थी।
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं। शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने पंजाब में पिछले चार वर्षों के दौरान छह पेपर लीक होने का दावा करते हुए सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था।
श्वेता तिवारी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब नीट-यूजी विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों में जश्न का माहौल है।








