यूपी में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल? किसान मोर्चा के 77 जिलाध्यक्षों की घोषणा

0

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा किसान मोर्चा ने प्रदेश के 77 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति से नई नियुक्तियों की सूची जारी की।

भाजपा की इस संगठनात्मक कवायद को आगामी चुनाव से पहले किसान मोर्चा को सक्रिय करने और जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में किसान मोर्चा के नेतृत्व की जिम्मेदारी नए पदाधिकारियों को सौंपी है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई नए चेहरों को जिम्मेदारी

जारी सूची के अनुसार, रामपुर में ऋषि पांडेय, मुरादाबाद में अनुज विश्वनोई, शामली में संजीव मलिक, अमरोहा में अनिल गुर्जर, बिजनौर में सुधीन्द्र चौधरी और मुजफ्फरनगर में अमित त्यागी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ महानगर में अक्षय भड़ाना और गाजियाबाद महानगर में देवेंद्र यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आगरा महानगर में रवि राजपूत, आगरा जिले में अशोक चाहर, मैनपुरी में अनिल तिवारी, बरेली जिले में सतेन्द्र यादव, पीलीभीत में शरद पाल और बदायूं में केशव चौहान को किसान मोर्चा की कमान दी गई है।

लखनऊ से कानपुर तक संगठनात्मक नियुक्तियां

राजधानी लखनऊ महानगर में जितेंद्र सिंह और लखनऊ जिले में विमलेश मिश्रा को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कानपुर उत्तर में शैलेंद्र सिंह, कानपुर दक्षिण में अजय प्रताप सिंह और कानपुर ग्रामीण में अनुराग शुक्ला को जिम्मेदारी मिली है। अयोध्या महानगर में अनुराग त्रिपाठी तथा अयोध्या जिले में रॉकी द्विवेदी को अध्यक्ष बनाया गया है।

पूर्वांचल में भी नई टीम का गठन

वाराणसी महानगर में राजेंद्र पटेल और वाराणसी जिले में कृष्ण कुमार मिश्रा को जिम्मेदारी दी गई है। गाजीपुर में धनंजय चौबे, भदोही में संतोष सिंह डम्पू, जौनपुर में भूपेश सिंह, मिर्जापुर में सुरेंद्र सिंह, सोनभद्र में सुनील चौबे और चंदौली में ओमप्रकाश मौर्य को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

गोरखपुर महानगर में जीतेन्द्र सैनी, आजमगढ़ में तारकेश्वर सिंह, देवरिया में काशीपती शुक्ला, संतकबीरनगर में विजय बहादुर सिंह, महाराजगंज में हृदय कुमार उपाध्याय, मऊ में गिरीश नारायण राय, कुशीनगर में केशव पांडेय, बस्ती में वरुण कुमार पांडेय और बलिया में अभिजीत तिवारी बबलू को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

किसानों तक पहुंच बढ़ाने पर रहेगा जोर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में किसान वर्ग की अहम भूमिका को देखते हुए किसान मोर्चा का संगठनात्मक ढांचा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। जिला स्तर पर नए अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद मोर्चे के सामने किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाने, स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की यह पहल जिला स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की रणनीति का हिस्सा है। अब नई टीम की भूमिका और उसकी गतिविधियों पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।