डेस्क : उत्तर प्रदेश में सांसदों और विधायकों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। शासन ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में तैनात गनरों के लिए 800 नाइन एमएम सब-मशीनगन और तीन स्नाइपर राइफल खरीदने को मंजूरी दी है। इसके लिए 5.59 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
नई सब-मशीनगनों के साथ 2.56 लाख कारतूस भी खरीदे जाएंगे। एक सब-मशीनगन की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मुख्यालय की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर, हाईकोर्ट, लोकभवन और मेट्रो स्टेशनों जैसे महत्वपूर्ण व संवेदनशील स्थानों पर स्नाइपरों की तैनाती की योजना है। इसके लिए तीन स्नाइपर राइफल खरीदी जाएंगी। एक राइफल की कीमत करीब 10.76 लाख रुपये होगी।
महिला वाहिनियों को भी मिलेंगे नए हथियार
पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत पीएसी की नवगठित तीन महिला वाहिनियों के लिए भी हथियार खरीदे जाएंगे। इनके लिए 373 पिस्टल और 90 असॉल्ट राइफल खरीदने की तैयारी है।
उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। 14 हजार स्कूलों में स्मार्ट क्लास के लिए आईसीटी लैब स्थापित करने के लिए 300 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है।








