23 साल से रहस्य बना राज किरण का लापता होना

0

डेस्क : 80 के दशक में अपनी अदाकारी से पहचान बनाने वाले अभिनेता राज किरण के अचानक लापता होने की गुत्थी आज तक नहीं सुलझ पाई है। करीब 23 साल से राज किरण के ठिकाने को लेकर कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। उनके बारे में कभी न्यूयॉर्क में टैक्सी चलाने तो कभी मानसिक अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आती रहीं, लेकिन उनकी वास्तविक स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी।

राज किरण ने 26 साल की उम्र में फिल्म ‘कागज की नाव’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और 80 के दशक में अपनी अलग पहचान बनाई। ‘कर्ज’ और महेश भट्ट की ‘अर्थ’ उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं। राज किरण ने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों में काम किया था।

हालांकि, 90 के दशक में उन्हें फिल्मों में काम मिलना कम हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, काम की कमी और निजी परेशानियों के चलते वह तनाव और अवसाद से जूझने लगे थे। इसी दौरान उनके पारिवारिक जीवन में भी मुश्किलें बढ़ीं। बाद में वह अपने भाई के साथ अमेरिका चले गए और इसके बाद उनके बारे में जानकारी धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन से गायब हो गई।

राज किरण को लेकर कई तरह की खबरें सामने आती रहीं। एक समय उनके न्यूयॉर्क में टैक्सी चलाने की बात कही गई, जबकि वर्ष 2011 में अभिनेता ऋषि कपूर ने दावा किया था कि राज किरण अमेरिका के अटलांटा स्थित एक मानसिक अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि, राज किरण की बेटी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि उनका परिवार खुद वर्षों से उन्हें तलाश रहा है।

अब अभिनेत्री सोमी अली ने एक बार फिर राज किरण की तलाश को लेकर आवाज उठाई है। सोमी अली का कहना है कि वह पिछले 16 वर्षों से राज किरण को खोजने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने निजी जांचकर्ताओं की मदद भी ली, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। सोमी अली ने बताया कि वह राज किरण की तलाश इसलिए भी जारी रखे हुए हैं क्योंकि उन्होंने ऋषि कपूर से उन्हें खोजने का वादा किया था। उन्होंने लोगों से राज किरण के बारे में किसी भी विश्वसनीय जानकारी को साझा करने की अपील की है और जानकारी देने वाले के लिए 5,000 डॉलर के इनाम की घोषणा भी की है।