निकाह के 4 महीने बाद उजड़ा सुहाग, दहेज के लिए पत्नी की हत्या का आरोप

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दहेज को लेकर एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। नरौरा थाना क्षेत्र के पिलखना गांव में एक महिला की उसके पति द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप है। मृतका का निकाह महज चार महीने पहले हुआ था। घटना के बाद आरोपी पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम फईमुद्दीन और उसकी पत्नी खुशबू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने खुशबू के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

दहेज में 10 लाख रुपये मांगने का आरोप

मृतका के भाई सद्दाम आलम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, खुशबू का निकाह 2 जून 2026 को फईमुद्दीन से हुआ था। भाई का आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर खुशबू का उत्पीड़न कर रहा था।

परिजनों के मुताबिक, ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर खुशबू के साथ मारपीट की जाती थी। परिवार का यह भी आरोप है कि उत्पीड़न को लेकर पहले ऑनलाइन शिकायत की गई थी।

पति समेत कई लोगों पर मुकदमा

पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति फईमुद्दीन समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में सास, ससुर, जेठ, जेठानी, ननद और नंदोई समेत अन्य लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।