डेस्क : भारतीय वायुसेना (IAF) और रॉयल मलेशियन एयर फोर्स (RMAF) के बीच द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘उदारा शक्ति 2026’ मलेशिया के सुबांग एयर बेस पर शुरू हो गया है। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के वायु योद्धा संयुक्त फील्ड ट्रेनिंग के साथ-साथ विशेषज्ञ स्तर पर अनुभव और जानकारी का आदान-प्रदान कर रहे हैं।
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि अभ्यास का उद्देश्य परिचालन संबंधी सीख को बढ़ावा देना, बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना और दोनों वायुसेनाओं के बीच इंटरऑपरेबिलिटी यानी संयुक्त रूप से प्रभावी ढंग से संचालन की क्षमता को मजबूत करना है।
अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैन्यकर्मी एक-दूसरे की परिचालन प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली और हवाई अभियानों से जुड़े तौर-तरीकों को समझने का अवसर प्राप्त करेंगे। इससे दोनों वायुसेनाओं के बीच आपसी समन्वय और परिचालन क्षमता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
ऑस्ट्रेलिया में भी बड़ा बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास
इसी बीच ऑस्ट्रेलिया में रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयर फोर्स का प्रमुख हवाई युद्धाभ्यास ‘पिच ब्लैक 2026’ भी आयोजित किया जा रहा है। 20 जुलाई से 7 अगस्त तक उत्तरी ऑस्ट्रेलिया के आसमान में होने वाले इस अभ्यास में करीब 20 देशों के 2,500 से अधिक सैन्यकर्मी और लगभग 100 जेट विमानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
अभ्यास का आयोजन डार्विन, टिंडल और एम्बरली स्थित रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयर फोर्स के ठिकानों से किया जा रहा है। वर्ष 1983 से डार्विन में आयोजित हो रहे इस अभ्यास में पहली बार जापान की एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के एफ-35 लाइटनिंग-2 और इंडोनेशिया के टी-50आई गोल्डन ईगल विमान भी हिस्सा ले रहे हैं।
‘पिच ब्लैक 2026’ में अमेरिका, जापान, पापुआ न्यू गिनी, इंडोनेशिया, फिलीपींस, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, भारत, सिंगापुर, जर्मनी, फ्रांस और स्पेन सहित कई देशों की भागीदारी है। इसके अलावा न्यूजीलैंड, फिजी, कनाडा, ब्रुनेई, मलेशिया, फिनलैंड और स्वीडन के सैन्यकर्मी भी अभ्यास में शामिल हैं।
अभ्यास के कमांडर एयर कमोडोर मैथ्यू मैककॉर्मैक ने इसे उच्चस्तरीय सैन्य प्रशिक्षण गतिविधि बताते हुए आधुनिक हवाई युद्ध अभियानों के लिए इसकी अहमियत पर जोर दिया।








