ब्रिक्स देशों में दुनिया की आधी आबादी, पीएम मोदी बोले- भारत दे रहा विकास का भरोसा

0

नई दिल्ली :  राजधानी दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब्रिक्स देशों में दुनिया की करीब आधी आबादी रहती है और बीते वर्षों में इस समूह की आर्थिक ताकत तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अनिश्चितताओं के बावजूद भारत दुनिया को विकास और आर्थिक प्रगति का भरोसा दे रहा है।

ब्रिक्स बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले वर्षों में वैश्विक जीडीपी करीब ढाई गुना बढ़ी है, जबकि ब्रिक्स देशों की संयुक्त जीडीपी में लगभग साढ़े चार गुना वृद्धि हुई है। उनके मुताबिक, यह बताता है कि ब्रिक्स अर्थव्यवस्था ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की तुलना में तेज गति से विस्तार किया है।

प्रधानमंत्री ने भारत में हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में एयरपोर्ट और रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही सेमीकंडक्टर और बायोटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में नई क्षमताएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने भारत में तेजी से बढ़ रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी देश की आर्थिक ताकत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। पीएम मोदी के अनुसार, भारत में दो लाख से अधिक स्टार्टअप और 120 से ज्यादा यूनिकॉर्न मौजूद हैं।

व्यापार बाधाएं कम करने पर जोर

पीएम मोदी ने ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल से सदस्य देशों के बीच व्यापार को और आसान बनाने की दिशा में ठोस पहल करने का आह्वान किया। उन्होंने सुझाव दिया कि ब्रिक्स देशों के बीच मौजूद शीर्ष 10 व्यापारिक बाधाओं को चिन्हित कर उन्हें दूर करने के लिए रिपोर्ट तैयार की जाए।

उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि हर साल 100 ब्रिक्स स्टार्टअप्स को दूसरे ब्रिक्स बाजारों में विस्तार का अवसर दिया जाए और कारोबारी समूहों के बीच एक हजार नई साझेदारियां विकसित करने का लक्ष्य रखा जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन लक्ष्यों की प्रगति की हर वर्ष समीक्षा होनी चाहिए।

सुरक्षित समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार के लिए जरूरी

प्रधानमंत्री ने वैश्विक व्यापार के लिए सुरक्षित समुद्री मार्गों और निर्बाध सप्लाई चेन को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार की प्रगति तभी संभव है, जब समुद्री रास्ते सुरक्षित हों, सप्लाई के मार्ग खुले रहें और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि भारत नेविगेशन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा का मजबूती से समर्थन करता है।

महिला उद्यमियों की भूमिका पर भी जोर

पीएम मोदी ने ब्रिक्स विमेंस बिजनेस अलायंस का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला उद्यमियों को विकास की कहानी का नेतृत्व करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत में हुई इस अलायंस की बैठक में करीब 200 महिला कारोबारी नेताओं ने हिस्सा लिया था।

प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स की सामूहिक ताकत को वैश्विक समाधान में बदलने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि समूह को केवल अपनी प्रगति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दुनिया की प्रगति में भी योगदान देना चाहिए।