डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने राष्ट्रीय सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़े खतरों का हवाला देते हुए विदेशों में निर्मित एडवांस रोबोट और सौर ऊर्जा परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाले पावर इनवर्टर के आयात पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) ने मंगलवार को इन उपकरणों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संभावित खतरा माने जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और सेवाओं की सूची में शामिल कर दिया।
पोलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक, नए प्रतिबंधों के दायरे में ह्यूमनॉइड और चार पैरों वाले रोबोट समेत एडवांस मोबाइल रोबोट तथा सौर ऊर्जा संयंत्रों को बिजली ग्रिड से जोड़ने वाले पावर इनवर्टर शामिल हैं। अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि विदेशी निर्मित इन तकनीकों के जरिए साइबर हमले, जासूसी और देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने का खतरा पैदा हो सकता है।
एफसीसी के अध्यक्ष ब्रेंडन कैर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में आयोग अमेरिका की महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
प्रशासन द्वारा कराई गई अंतर-एजेंसी समीक्षा में आशंका जताई गई कि इन तकनीकों के जरिए अमेरिकी आपूर्ति श्रृंखलाओं में साइबर कमजोरियां पैदा हो सकती हैं। इसके अलावा बड़े पैमाने पर बिजली कटौती से लेकर अमेरिकी नागरिकों की निगरानी तक के जोखिम सामने आ सकते हैं। यह कदम चीन के बढ़ते तकनीकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रभाव को सीमित करने की ट्रंप प्रशासन की व्यापक रणनीति का भी हिस्सा माना जा रहा है।
हालांकि, नए प्रतिबंध पहले से मंजूर उपकरणों पर लागू नहीं होंगे। पहले से अधिकृत मॉडलों का इस्तेमाल जारी रहेगा और खुदरा विक्रेता पहले से स्वीकृत उत्पादों की बिक्री भी कर सकेंगे। संघीय सरकार द्वारा वर्तमान में इस्तेमाल किए जा रहे ऐसे उपकरण भी इन प्रतिबंधों के दायरे से बाहर रहेंगे।
एफसीसी ने प्रभावित तकनीकों के निर्माताओं के लिए छूट की प्रक्रिया भी शुरू की है। कंपनियां नए उत्पादों के लिए सशर्त मंजूरी हासिल करने हेतु आवेदन कर सकेंगी, जिसकी समीक्षा रक्षा विभाग और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग द्वारा की जाएगी।
एफसीसी के अनुसार, एडवांस रोबोट नेटवर्क से जुड़े होने के कारण साइबर हमलों के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं। इनमें मौजूद डेटा का इस्तेमाल अमेरिकी नागरिकों की निगरानी, विदेशी खुफिया एजेंसियों की क्षमताओं को बढ़ाने या रोबोट को दूर से नियंत्रित करने के लिए किए जाने की आशंका है। प्रशासन ने इन संभावित जोखिमों को देखते हुए विदेशी निर्मित एडवांस रोबोट और संबंधित तकनीकों पर कड़ा रुख अपनाया है।








