डेस्क : आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामाकोटी पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। शिवसेना नेता संजय निरूपम ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए उनसे प्रोफेसर कामाकोटी से माफी मांगने की मांग की है।
निरूपम ने कहा कि प्रोफेसर कामाकोटी देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और शिक्षाविद हैं। उन्होंने प्रियंका गांधी की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की ऐसी टिप्पणियां ही पार्टी के राजनीतिक पतन की वजह बनी हैं।
उन्होंने कहा कि किसी वैज्ञानिक के शोध और उपलब्धियों पर राजनीतिक टिप्पणी करने के बजाय उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए। निरूपम ने प्रियंका गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की अपील की।
इस मुद्दे पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर भी प्रियंका गांधी पर हमला बोल चुके हैं। ऐसे में प्रोफेसर कामाकोटी को लेकर दिया गया बयान अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नया मुद्दा बन गया है।








