डेस्क : बांग्लादेश में सैन्य अभ्यास के दौरान एक चीनी मूल के टैंक में अचानक विस्फोट होने से दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा चटगांव के हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में बुधवार को अभ्यास के दौरान हुआ।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय टैंक से फायरिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक विस्फोट हुआ और टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों की जान चली गई। घायल अधिकारी को तत्काल उपचार के लिए ढाका स्थित कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (सीएमएच) ले जाया गया।
हादसे की जांच शुरू
बांग्लादेश की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी में विस्फोट की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। सेना ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चीनी मूल का टाइप-59 टैंक
रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में शामिल टैंक चीनी मूल का टाइप-59 था, जिसका इस्तेमाल बांग्लादेश सेना लंबे समय से करती रही है। यह टैंक चीन द्वारा विकसित किया गया था और सोवियत टी-54 डिजाइन पर आधारित है। हालांकि, बांग्लादेश सेना की ओर से शुरुआती आधिकारिक बयान में टैंक के मॉडल की पुष्टि नहीं की गई है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, लेकिन उसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद सैन्य उपकरणों की सुरक्षा और पुराने सैन्य प्लेटफॉर्म के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।








