मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर फैल रही कथित झूठी और भ्रामक खबरों पर कड़ा रुख अपनाया है। अभिनेता ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को चेतावनी दी है कि उनके और उनके परिवार से जुड़ी अपुष्ट या मानहानिकारक जानकारी प्रसारित न की जाए।
गोविंदा की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि उनकी निजी जिंदगी को लेकर लगातार ऐसी खबरें और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आ रहे हैं, जिनमें गलत तथ्यों के साथ उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। नोटिस में एआई से तैयार किए गए फर्जी कंटेंट, डीपफेक तस्वीरों और वीडियो को लेकर भी चेतावनी दी गई है।
दूसरी शादी की खबरों पर सख्त रुख
यह पूरा विवाद गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सामने आया है। हाल ही में सुनीता आहूजा की एक बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि गोविंदा अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार से शादी करने की योजना बना रहे थे। इन दावों के बाद सोशल मीडिया पर गोविंदा की दूसरी शादी और उनके वैवाहिक रिश्ते को लेकर कई तरह की खबरें फैलने लगीं।
गोविंदा ने अब इन दावों और उनसे जुड़ी खबरों को लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। रिपोर्टों के मुताबिक, अभिनेता ने झूठी और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ 100 करोड़ रुपये तक के हर्जाने का दावा करने की बात कही है।
तलाक की याचिका वापस ले चुकी हैं सुनीता
गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार खबरें सामने आ रही हैं। 19 अगस्त को गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने पुष्टि की थी कि सुनीता ने बांद्रा फैमिली कोर्ट में दायर तलाक की याचिका वापस ले ली है।
इसके बावजूद दोनों के रिश्ते और कथित दूसरी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं जारी हैं। गोविंदा की ताजा कानूनी चेतावनी को इसी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है।








