एशियन गेम्स 2026: 73 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम की अगुवाई करेंगे नीरज चोपड़ा

0

स्पोर्ट्स डेस्क : दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित भारत की 73 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम की अगुवाई करेंगे। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों में नीरज पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर अपना खिताब बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगे।

ओलंपिक्स डॉट कॉम के अनुसार, भारतीय एथलेटिक्स दल में हांगझोउ एशियन गेम्स के 16 पदक विजेता शामिल हैं। इनमें पांच व्यक्तिगत स्पर्धाओं के मौजूदा चैंपियन भी हैं, जो अपने खिताब का बचाव करेंगे।

नीरज के साथ पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रोहित यादव भी चुनौती पेश करेंगे। रोहित ने हाल ही में भुवनेश्वर में वर्ल्ड एथलेटिक्स सिल्वर लेवल कॉन्टिनेंटल टूर प्रतियोगिता में 87.68 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था।

हांगझोउ में स्वर्ण पदक जीतने वाले अविनाश साबले, तजिंदरपाल सिंह तूर, पारुल चौधरी और अन्नू रानी भी भारतीय दल का हिस्सा हैं। साबले पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण और 5000 मीटर में रजत पदक जीत चुके हैं। चोट के कारण लंबे समय तक मैदान से दूर रहने के बाद वह एशियन गेम्स में वापसी करेंगे।

तजिंदरपाल सिंह तूर पुरुषों के शॉटपुट में लगातार तीसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। वहीं, पारुल चौधरी 1500 मीटर, 5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज में चुनौती पेश करेंगी।

हांगझोउ में भारत की स्वर्ण पदक विजेता पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहे राजेश रमेश को भी टीम में जगह मिली है। इसके अलावा ज्योति याराजी, मुरली श्रीशंकर, तेजस्विन शंकर, गुलवीर सिंह, मोहम्मद अफजल, एंसी सोजन, प्रवीण चित्रवेल और विथ्या रामराज जैसे हांगझोउ पदक विजेता भी टीम में शामिल हैं।

पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस शिर्शे को भी चुना गया है। राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान उनके बाएं पैर में दो स्ट्रेस फ्रैक्चर हुए थे।

भारत ने हांगझोउ एशियन गेम्स में एथलेटिक्स में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। भारतीय एथलीटों ने कुल 29 पदक जीते थे, जिनमें छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य पदक शामिल थे। इस बार भारतीय दल की कोशिश इस प्रदर्शन को और बेहतर करने की होगी।

भारत का एथलेटिक्स दल

पुरुष: गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनिमेष कुजूर (100 मीटर, 200 मीटर, मिश्रित 4×100 मीटर रिले), राजेश रमेश (400 मीटर, 4×400 मीटर रिले), विशाल थेन्नारसु कायलविझी (400 मीटर, 4×400 मीटर रिले), कृष्ण कुमार (800 मीटर), मोहम्मद अफजल पुलिक्कलाकथ (800 मीटर), यूनुस शाह (1500 मीटर), अभिषेक पाल (5000 मीटर, 10000 मीटर), गुलवीर सिंह (1500 मीटर, 5000 मीटर, 10000 मीटर), सावन बरवाल (मैराथन), कार्तिक करकेरा (मैराथन), तेजस शिर्शे (110 मीटर हर्डल्स), यशस पालाक्षा (400 मीटर हर्डल्स), संतोष कुमार तामिलारासन (400 मीटर हर्डल्स), अविनाश साबले (3000 मीटर स्टीपलचेज), प्रणव प्रमोद गुरव (मिश्रित 4×100 मीटर रिले), मोहम्मद अशफाक (4×400 मीटर रिले), धर्मवीर चौधरी (4×400 मीटर रिले), जय कुमार (4×400 मीटर रिले, मिश्रित 4×400 मीटर रिले), मनु थेक्किनालिल साजी (4×400 मीटर रिले, मिश्रित 4×400 मीटर रिले), आदर्श राम ज्योति शंकर (हाई जंप), सर्वेश कुशारे (हाई जंप), कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), देव मीना (पोल वॉल्ट), मुरली श्रीशंकर (लॉन्ग जंप), शाहनवाज खान (लॉन्ग जंप), प्रवीण चित्रवेल (ट्रिपल जंप), कार्तिक उन्नीकृष्णन (ट्रिपल जंप), करणवीर सिंह (शॉटपुट), तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉटपुट), दमनीत सिंह (हैमर थ्रो), नीरज चोपड़ा (जेवलिन थ्रो), रोहित यादव (जेवलिन थ्रो), थोफीक नौशाद (डेकाथलॉन) और तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन)।

महिलाएं: प्राची चौधरी (400 मीटर), गौतमी जयरामन (800 मीटर), पूजा (800 मीटर, 1500 मीटर), पारुल चौधरी (1500 मीटर, 5000 मीटर, 3000 मीटर स्टीपलचेज), सीमा (5000 मीटर, 10000 मीटर), प्रियंका गोस्वामी (मैराथन रेस वॉक), मंजू रानी (मैराथन रेस वॉक), ज्योति याराजी (100 मीटर हर्डल्स), नंदिनी कोंगन (100 मीटर हर्डल्स), उन्नति अयप्पा बोलैंड (200 मीटर), अनु राघवन (400 मीटर हर्डल्स), विथ्या रामराज (400 मीटर हर्डल्स), अंकिता ध्यानी (3000 मीटर स्टीपलचेज), तमन्ना (4×100 मीटर रिले, मिश्रित 4×100 मीटर रिले), नित्या गांधे (4×100 मीटर रिले), श्रबानी नंदा (4×100 मीटर रिले), अभिनया राजाराजन (4×100 मीटर रिले), स्नेहा सत्यनारायण (4×100 मीटर रिले, मिश्रित 4×100 मीटर रिले), सुदेशना शिवंकर (4×100 मीटर रिले), राशदीप कौर (4×400 मीटर रिले, मिश्रित 4×400 मीटर रिले), अंसा बाबू (4×400 मीटर रिले, मिश्रित 4×400 मीटर रिले), माचेटीरा राजू पूवम्मा (4×400 मीटर रिले), कुमारी सलोनी (4×400 मीटर रिले), नीरू पाठक (4×400 मीटर रिले), पूजा सिंह (हाई जंप), सुप्रिया सिंदिरेगे बसवराजु (हाई जंप), बारानिका इलांगोवन (पोल वॉल्ट), शाइली सिंह (लॉन्ग जंप), एंसी सोजन एडापल्ली (लॉन्ग जंप), निहारिका वशिष्ठ (ट्रिपल जंप), मनप्रीत कौर (शॉटपुट), कृष्णा जयशंकर मेनन (शॉटपुट), सीमा कालीरमना (डिस्कस थ्रो), तान्या चौधरी (हैमर थ्रो), अनुष्का यादव (हैमर थ्रो), अन्नू रानी (जेवलिन थ्रो), पूजा (हेप्टाथलॉन) और अनामिका कोझिनजापरम्बिल अनीश (हेप्टाथलॉन)।