हॉकी विश्व कप 2026: भारत ने वेल्स को 3-1 से हराकर किया विजयी आगाज

0

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए शनिवार को वागेनर स्टेडियम में खेले गए पूल-डी के मुकाबले में वेल्स को 3-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम पूल-डी में तीन अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई है।

भारत की ओर से संजय और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पहले क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। संजय ने आठवें मिनट में भारत का खाता खोला, जबकि इसके तीन मिनट बाद हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा। 43वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर अपना दूसरा गोल किया और भारत की बढ़त 3-0 कर दी।

वेल्स ने 55वें मिनट में वापसी की कोशिश की। सर्किल के अंदर मची अफरा-तफरी के बीच सैम वेल्श ने गोल कर अंतर कम किया। हालांकि, अंतिम मिनटों में भारतीय रक्षा पंक्ति ने मजबूती दिखाते हुए वेल्स को दूसरा गोल करने का मौका नहीं दिया और भारत ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारत अब 17 अगस्त को अपने अगले मुकाबले में इंग्लैंड का सामना करेगा। पूल-डी में भारत के अलावा इंग्लैंड, वेल्स और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान शामिल हैं।

भारत ने 1975 में पाकिस्तान को फाइनल में 2-1 से हराकर अपना एकमात्र विश्व कप खिताब जीता था। इसके बाद पिछले 50 वर्षों से टीम विश्व कप ट्रॉफी का इंतजार कर रही है। 2023 में भुवनेश्वर में खेले गए विश्व कप में भारत नौवें स्थान पर रहा था।

हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में भारतीय हॉकी ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम लगातार दो ओलंपिक कांस्य पदक जीत चुकी है, जबकि एशिया कप और दो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब भी अपने नाम कर चुकी है। इसी लय के साथ भारतीय टीम इस बार विश्व कप का स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश में है।

टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी टीम की महत्वाकांक्षा स्पष्ट की थी। उन्होंने कहा था कि विश्व कप टीम के लिए बड़ा अवसर है, खासकर इसलिए क्योंकि टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। हरमनप्रीत के मुताबिक, टीम इस मौके को पूरी तरह भुनाने और खिताब के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार है।