मानसून फिर दिखाएगा तेवर, यूपी-बिहार में भारी बारिश; पहाड़ी राज्यों में भी खतरा

0

डेस्क : देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार 8 सितंबर को उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली में मौसम अपेक्षाकृत राहतभरा रहने के आसार हैं।

बिहार में तेज बारिश और आंधी की संभावना

बिहार में 8 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 7 से 9 सितंबर के दौरान काफी तेज बारिश तथा 8 से 10 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। राज्य में 7 से 13 सितंबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने तथा झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 8 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 7 और 8 सितंबर को भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, हालांकि 8 सितंबर के लिए वहां कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।

दिल्ली में मौसम रहेगा अपेक्षाकृत शुष्क

राजधानी दिल्ली में 8 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं जताई है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

राजस्थान में भी बारिश के आसार

राजस्थान में 8 सितंबर को किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं है, हालांकि कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में 7 से 13 सितंबर के दौरान बारिश का दौर बने रहने की संभावना है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। उत्तराखंड में 8 और 9 सितंबर को बारिश तथा 10 से 13 सितंबर के दौरान भारी बारिश के आसार हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने जैसी घटनाओं का खतरा बना रह सकता है।