नीट पर सियासत तेज, थलपति विजय सरकार ने केंद्र पर साधा निशाना

0

डेस्क : नीट को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ तेवर तेज हो गए हैं। दिल्ली में NEET से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन के बीच तमिलनाडु की थलपति विजय सरकार ने केंद्र पर निशाना साधते हुए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को खत्म करने की मांग दोहराई है।

तमिलनाडु के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण मंत्री केजी अरुणराजू ने कहा कि NEET के आयोजन को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार को राज्यों की मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा से जुड़े मामलों में राज्यों को अधिक अधिकार देने की भी पैरवी की।

मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु लंबे समय से NEET का विरोध करता रहा है और राज्य सरकार इस मुद्दे पर अपने रुख पर कायम है। उनका आरोप है कि केंद्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा से छात्रों और राज्यों के सामने कई समस्याएं पैदा हो रही हैं।

NEET के मुद्दे पर तमिलनाडु और केंद्र के बीच पहले भी राजनीतिक टकराव देखने को मिलता रहा है। अब दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच राज्य सरकार के ताजा बयान ने इस विवाद को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। राज्य सरकार का कहना है कि मेडिकल दाखिलों की प्रक्रिया में राज्यों की भूमिका और अधिकारों को मजबूत किया जाना चाहिए।