बिजनेस डेस्क : पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर रविवार को वाहन चालकों के लिए फिलहाल राहत की खबर है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने शनिवार को पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
नायरा के पेट्रोल पंप पर महंगा हुआ ईंधन
नायरा एनर्जी के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप हैं। कंपनी की ओर से की गई ताजा बढ़ोतरी के बाद उसके आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल के लिए ग्राहकों को पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। कंपनी ने इससे पहले मार्च में भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे।
वहीं, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की है। इन कंपनियों के दाम आज पुराने स्तर पर ही बने हुए हैं।
दिल्ली-मुंबई समेत प्रमुख शहरों में पेट्रोल का रेट
आज के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 111.21 रुपये, कोलकाता में 113.51 रुपये और चेन्नई में 107.76 रुपये प्रति लीटर है।
वहीं गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये, नोएडा में 101.77 रुपये, बेंगलुरु में 110.97 रुपये, हैदराबाद में 115.73 रुपये और लखनऊ में 113.81 रुपये प्रति लीटर है।
डीजल की कीमत कितनी है?
दिल्ली में आज डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में इसकी कीमत 97.83 रुपये, कोलकाता में 99.82 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है।
जयपुर में डीजल 98.50 रुपये प्रति लीटर, नोएडा में 95.60 रुपये, हैदराबाद में 103.86 रुपये और पटना में 99.80 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
कच्चे तेल की कीमतों पर नजर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। इससे तेल कंपनियों पर घरेलू स्तर पर ईंधन की कीमतों में बदलाव का दबाव बढ़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 90 डॉलर प्रति बैरल या उससे ऊपर बना हुआ है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी नहीं आती है, तो आने वाले दिनों में सरकारी तेल कंपनियों के दामों में भी बदलाव की संभावना पर नजर रहेगी।








