प्रेमी के इश्क में पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, गंडासे से कराया हमला

0

मेरठ :  उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रेम प्रसंग का एक खौफनाक मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची और प्रेमी से उस पर धारदार हथियार से हमला करा दिया। गंभीर रूप से घायल पति की उपचार के दौरान मौत हो गई। बुढ़ाना पुलिस ने घटना का 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रेमी हाशिम को रविवार को मंदवाड़ा-लुहसाना मार्ग पर घेराबंदी के दौरान पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और हत्या में इस्तेमाल गंडासा बरामद किया गया।

पति-पत्नी के संबंध ठीक नहीं होने का दावा

पुलिस के अनुसार, मृतक नसीम उर्फ तालिब की शादी मीना से हुई थी। दोनों के बीच संबंध ठीक नहीं थे। इसी दौरान मीना और हाशिम के बीच प्रेम संबंध हो गए। पुलिस का कहना है कि दोनों ने तालिब को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

योजना के तहत मीना ने तालिब को बुढ़ाना बुलाया। वहां हाशिम ने उस पर गंडासे से हमला कर दिया। गंभीर हालत में तालिब को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

घटना के बाद मृतक के भाई मोहम्मद आकिल की तहरीर पर बुढ़ाना थाने में हाशिम और मीना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह और थाना प्रभारी सुभाष बाबू अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी हाशिम को घेर लिया। मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना को भी उसके घर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आई प्रेम कहानी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि हाशिम और मीना के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों को लगता था कि तालिब के रहते उनका रिश्ता आगे नहीं बढ़ सकता। इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची।

पुलिस अब मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।