पश्चिमी यूपी में अखिलेश का सियासी दांव, किसानों से किए कई बड़े वादे

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और खाप प्रतिनिधियों के बीच पहुंचकर किसान हितों से जुड़े कई बड़े वादे किए। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा और गन्ने की खरीद का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

सपा प्रमुख ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में किसानों और विभिन्न खापों के चौधरियों से मुलाकात के दौरान भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सपा की सरकार बनने पर इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने का वादा करते हुए कहा कि इथेनॉल से होने वाले लाभ में किसानों की भी हिस्सेदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आय और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत किए बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में किसानों की भूमिका को देखते हुए अखिलेश का यह अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जाट और किसान बहुल क्षेत्रों में खाप प्रतिनिधियों से मुलाकात के जरिए सपा नेतृत्व 2027 के चुनाव से पहले अपने जनाधार को मजबूत करने की कोशिश में जुटा है।

इस दौरान किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने सपा के समर्थन में एकजुट होकर काम करने का भरोसा जताया। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र से आए किसानों ने अखिलेश यादव को हल भेंट किया, जबकि बागपत के किसानों ने हुक्का भेंट किया। बैठक में अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव को किसानों के भविष्य से जोड़ते हुए सपा को मजबूत करने की अपील की।