स्पोर्ट्स डेस्क : श्रीलंका-ए के खिलाफ खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट में भारत-ए ने अपनी पहली पारी में मजबूत पकड़ बनाते हुए शुक्रवार को 6 विकेट पर 452 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। गॉल में जारी इस मुकाबले के दूसरे दिन टी ब्रेक के बाद श्रीलंका-ए ने अपनी पहली पारी की शुरुआत की।
भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान ध्रुव जुरेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 215 गेंदों में नाबाद 141 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं, पहले दिन साई सुदर्शन ने 175 गेंदों में 132 रनों की दमदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 19 चौके लगाए।
भारत-ए को साई सुदर्शन और आयुष पांडे ने ठोस शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 138 गेंदों में 78 रन जोड़े। इसके बाद सुदर्शन ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। गायकवाड़ 22 रन बनाकर आउट हुए।
सुदर्शन के पवेलियन लौटने के बाद शेख रशीद ने जिम्मेदारी संभाली और 113 गेंदों में 63 रनों की अहम पारी खेली। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया। निचले क्रम में हर्ष दुबे ने 51 गेंदों पर 30 रन का योगदान दिया, जबकि सारांश जैन 3 रन बनाकर नाबाद रहे।
श्रीलंका-ए की ओर से चमिका गुणशेखरा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 18.4 ओवर में 84 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। दिलुम सुदीरा ने 37 ओवर में 143 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि रविंदु फर्नांडो को 1 सफलता मिली।


