डेस्क : उत्तर प्रदेश में सियासी पोस्टर वार एक बार फिर चर्चा में है। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगाए गए एक होर्डिंग में भाजपा और चुनाव आयोग को लेकर तंज कसा गया है। होर्डिंग पर लिखा है— “एक कचौड़ी, दो समोसा, जनता को बीजेपी पर नहीं भरोसा।” इसके साथ ही चुनाव आयोग को लेकर भी इसी अंदाज में संदेश दिया गया है— “एक कचौड़ी, दो समोसा, चुनाव आयोग पर न करना भरोसा।”
सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए इस होर्डिंग में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, बदायूं सांसद आदित्य यादव और वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव की तस्वीरें लगी हैं। होर्डिंग के निचले हिस्से में सपा नेता मोहम्मद इखलाक की तस्वीर भी दिखाई गई है।
बताया जा रहा है कि यह होर्डिंग सपा नेता मोहम्मद इखलाक की ओर से लगाया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद लखनऊ में एक बार फिर सियासी नारों और पोस्टरबाजी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले भी एक कार्यक्रम के दौरान “एक कचौड़ी, दो समोसा, बीजेपी पर नहीं भरोसा” जैसे नारे के जरिए भाजपा पर राजनीतिक निशाना साध चुके हैं। अब इसी तर्ज पर लगाए गए नए होर्डिंग में चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया गया है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर और होर्डिंग लंबे समय से राजनीतिक संदेश और आरोप-प्रत्यारोप का प्रमुख माध्यम रहे हैं। चुनावी माहौल के बीच सपा कार्यालय के बाहर लगे इस नए होर्डिंग ने एक बार फिर सियासी हलकों में चर्चा छेड़ दी है।








