नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मातृभूमि की रक्षा में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले सशस्त्र बलों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 78 जवानों को वीरता पुरस्कार देने की मंजूरी दी है। इनमें 13 वीरों को यह सम्मान मरणोपरांत प्रदान किया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष वीरता पुरस्कारों में 9 कीर्ति चक्र और 19 शौर्य चक्र शामिल हैं। इसके अलावा एक शौर्य चक्र ‘बार’, पांच सेना पदक ‘बार’ (वीरता), 36 सेना पदक (वीरता), तीन नौसेना पदक (वीरता) और पांच वायु सेना पदक (वीरता) को भी मंजूरी दी गई है।
सात कीर्ति चक्र मरणोपरांत
कीर्ति चक्र पाने वाले नौ वीरों में सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल मानियो फ्रांसिस, मेजर जितेंद्र राठी, हवलदार गजेंद्र सिंह (मरणोपरांत), गृह मंत्रालय के हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह (मरणोपरांत), कांस्टेबल जसवंत सिंह (मरणोपरांत), कांस्टेबल बलविंदर सिंह (मरणोपरांत), कांस्टेबल तारिक हुसैन (मरणोपरांत), हेड कांस्टेबल बशीर अहमद (मरणोपरांत) और इंस्पेक्टर सुनील कुमार (मरणोपरांत) शामिल हैं।
इनमें सात वीरों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जा रहा है। कीर्ति चक्र, अशोक चक्र के बाद शांति के समय दिया जाने वाला देश का दूसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है।
मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र ‘बार’
सेना की राजपूताना राइफल्स के मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र ‘बार’ से सम्मानित किया जाएगा। वह वर्तमान में 44 असम राइफल्स में तैनात हैं। उनके नाम के साथ सेना पदक भी दर्ज है।
मेजर आदित्य प्रताप सिंह को इससे पहले जून 2026 में भारत-म्यांमार सीमा पर उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए एक साहसिक अभियान में असाधारण वीरता के लिए शौर्य चक्र प्रदान किया गया था।
19 वीरों को शौर्य चक्र
शौर्य चक्र पाने वालों में सेना के मेजर परमवीर, मेजर तरुण वासुदेवन, मेजर केशव कुमार, मेजर गौरव सिंह बृजवाल, मेजर विपीन कुमार, नायब सूबेदार शंकर राम, नायब सूबेदार डब्बल सिंह बिष्ट, हवलदार जगत्तर सिंह, लांस नायक नरेंद्र सिंधु, लांस नायक कपिल देव और सिपाही जसविंदर सिंह शामिल हैं।
इसके अलावा नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार, वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर सुधीर कुमार तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से धीरज सिंह कटोच, अजय सिंह चिब, सुखवीर सिंह, नियाज अहमद, अंजनी कुमार और दीपक साह को भी शौर्य चक्र प्रदान किया जाएगा।
शौर्य चक्र शांति के समय दिया जाने वाला देश का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है।
78 वीरता पुरस्कारों का ब्योरा
- 9 — कीर्ति चक्र, इनमें 7 मरणोपरांत
- 1 — शौर्य चक्र ‘बार’
- 19 — शौर्य चक्र, इनमें 1 मरणोपरांत
- 36 — सेना पदक (वीरता), इनमें 5 मरणोपरांत और 5 ‘बार’
- 3 — नौसेना पदक (वीरता)
- 5 — वायु सेना पदक (वीरता)
क्या होता है ‘बार’?
वीरता पुरस्कारों में ‘बार’ उस स्थिति में दिया जाता है, जब किसी पुरस्कार से पहले सम्मानित व्यक्ति दोबारा ऐसा असाधारण वीरतापूर्ण कार्य करता है, जो उसी पुरस्कार के योग्य हो।
ऐसे में उसे उसी पुरस्कार का दूसरा पदक देने के बजाय मूल पदक के रिबन पर एक धातु की छोटी पट्टी यानी ‘बार’ लगाई जाती है। यह उस वीर के एक और असाधारण साहसिक कार्य का प्रतीक होती है।








