आमिर खान के सौतेले भाई की जिंदगी बदहाल, ईवा ग्रोवर ने कहा- खाने के लिए भी कर रहे संघर्ष

0
41

डेस्क : अभिनेता आमिर खान के सौतेले भाई हैदर अली खान इन दिनों कथित तौर पर बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उनके बारे में कम ही लोग जानते हैं। हाल ही में अभिनेत्री ईवा ग्रोवर ने एक इंटरव्यू में हैदर अली खान की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता जताई। ईवा ने बताया कि हैदर के पास फिलहाल अपना कोई घर नहीं है और उन्हें खाने-पीने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। कभी वह किसी चॉल में रहते हैं तो कभी दोस्तों के सहारे अपना समय गुजारते हैं।

परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी शादी

ईवा ग्रोवर ने सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में अपनी और हैदर अली खान की शादी से जुड़े कई खुलासे किए। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने साल 2000 में परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर घर से भागकर हैदर से शादी की थी। ईवा ने बताया कि शादी के बाद उन्हें पता चला कि हैदर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या से जूझ रहे थे।

अभिनेत्री ने दावा किया कि शादीशुदा जिंदगी के दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हैदर शराब की लत से जूझ रहे थे, जिससे उनकी स्थिति और खराब होती गई। ईवा के मुताबिक, आमिर खान ने शादी से पहले ही उन्हें इस फैसले को लेकर आगाह किया था, लेकिन उस समय उन्होंने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। बाद में उन्हें अपने फैसले पर पछतावा हुआ।

पांच साल बाद टूट गया रिश्ता

ईवा ने बताया कि शादी के दौरान रिश्ते में हिंसा और तनाव के चलते उन्होंने करीब पांच साल बाद हैदर से अलग होने का फैसला किया। अभिनेत्री के मुताबिक, उस दौर का उनके जीवन पर गहरा असर पड़ा। हालांकि, अब वह हैदर की मौजूदा हालत को लेकर दुखी हैं।

‘आज हैदर के पास अपना कोई घर नहीं’

हैदर की मौजूदा स्थिति के बारे में बात करते हुए ईवा ने कहा कि वह इस समय बेहद खराब दौर से गुजर रहे हैं। उनके मुताबिक, हैदर के पास रहने के लिए स्थायी जगह नहीं है और खाने के लिए भी उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है। कभी कोई उन्हें चॉल में रहने की जगह दे देता है तो कभी कोई दोस्त उनकी मदद कर देता है।

ईवा ने कहा कि जो कुछ उनके रिश्ते में हुआ, वह बीते समय की बात है, लेकिन मानवीय दृष्टि से उन्हें हैदर के लिए अब भी बुरा लगता है। उन्होंने कहा कि हैदर कभी उनके पति थे और वह चाहती हैं कि जीवन के इस मुश्किल दौर में उन्हें शांति मिले।

ऐसे हैं आमिर खान के सौतेले भाई

बता दें कि आमिर खान के पिता ताहिर हुसैन ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी जीनत हुसैन से हुई थी, जिनसे उनके चार बच्चे हुए, जिनमें आमिर खान भी शामिल हैं। इसके बाद ताहिर हुसैन ने शहनाज से शादी की। शहनाज की पहली शादी से हैदर अली खान और उनकी बेटियां थीं। इसी वजह से हैदर अली खान, आमिर खान के सौतेले भाई के रूप में जाने जाते हैं।