डेस्क : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए समझौता करने के इच्छुक हैं। ट्रंप ने पुतिन के साथ हाल ही में हुई बातचीत को ‘‘बेहतरीन’’ बताते हुए कहा कि यदि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की भी समझौते के लिए तैयार होते हैं, तो यह सकारात्मक कदम होगा।
ट्रंप ने बुधवार को डलास के लिए रवाना होने से पहले एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘वह समझौता करना चाहते हैं और अगर जेलेंस्की भी समझौता करना चाहते हैं, तो यह बहुत अच्छी बात होगी।’’
ट्रंप और पुतिन के बीच मंगलवार को फोन पर बातचीत हुई थी। यह बातचीत ऐसे समय हुई जब अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर रूस और यूक्रेन की कूटनीतिक यात्रा से लौटे थे। दोनों अमेरिकी प्रतिनिधि युद्ध समाप्त करने के संभावित प्रस्तावों को लेकर मॉस्को और कीव में बातचीत कर रहे हैं।
इससे पहले पिछले महीने अमेरिकी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) के निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने भी मॉस्को में रूसी खुफिया अधिकारियों से मुलाकात की थी। बताया गया कि बातचीत में रूस को यूक्रेन में जारी सैन्य अभियान समाप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने का मुद्दा भी शामिल था।
हालांकि, अमेरिकी, यूक्रेनी और कई यूरोपीय खुफिया अधिकारियों को अब भी इस बात पर संदेह है कि पुतिन वास्तव में युद्ध समाप्त करने के लिए गंभीरता से बातचीत करना चाहते हैं। यूक्रेन में रूस का सैन्य अभियान चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुका है और संघर्ष को समाप्त करने के लिए अब तक कोई निर्णायक समझौता नहीं हो सका है।
ट्रंप ने युद्ध के गतिरोध के लिए पुतिन और जेलेंस्की के बीच व्यक्तिगत मतभेदों को भी जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा, ‘‘रुकावट दो ऐसे लोगों की वजह से है जो एक-दूसरे से नफरत करते हैं।’’
ट्रंप ने आगे कहा कि उनके अनुसार मौजूदा स्थिति में सबसे बड़ी समस्या यही है कि ‘‘दो लोग एक-दूसरे से नफरत करते हैं।’’








