डेस्क : आम आदमी पार्टी (आप) और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। चड्ढा की ओर से आप को ‘एक्स गर्लफ्रेंड’ बताए जाने पर दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने तीखा पलटवार किया है।
राघव चड्ढा ने आप पर निशाना साधते हुए पार्टी की तुलना ऐसी ‘एक्स गर्लफ्रेंड’ से की थी, जिसे छोड़कर कोई आगे बढ़ गया हो, लेकिन वह अब भी उसी रिश्ते में उलझी हो। उन्होंने कहा था कि आप लगातार उनका नाम लेकर बयान दे रही है।
चड्ढा के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी व्यक्ति को अपनी राजनीतिक पार्टी की तुलना ‘गर्लफ्रेंड’ से करते हुए सुना है। उन्होंने कहा कि आम तौर पर लोग अपनी पार्टी को मां के समान मानते हैं।
भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर तंज कसते हुए कहा कि यदि उन्होंने अब दूसरी पार्टी के साथ जाने का फैसला किया है तो उन्हें वहीं से जो कुछ हासिल करना है, वह हासिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप की ओर से मिली चीजों को भी वापस कर देना चाहिए। भारद्वाज का यह इशारा राघव चड्ढा की राज्यसभा सदस्यता की ओर माना जा रहा है।
दोनों नेताओं के बीच यह विवाद मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे को लेकर शुरू हुआ था। राघव चड्ढा के नाम को लेकर आप की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ। अब यह राजनीतिक विवाद व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पहुंच गया है।








