सुधीर पांडे ने सितारों के बढ़ते खर्च पर जताई नाराजगी

0
1

मुंबई :  बॉलीवुड में बड़े सितारों के साथ शूटिंग सेट पर पहुंचने वाले भारी-भरकम स्टाफ और बढ़ते खर्च को लेकर बहस के बीच दिग्गज अभिनेता सुधीर पांडे ने इस चलन पर सवाल उठाए हैं। 73 वर्षीय अभिनेता ने इसे पैसे की बर्बादी बताते हुए कहा कि बड़े सितारों के साथ चलने वाला पूरा काफिला उन्हें बनावटी लगता है।

सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में सुधीर पांडे ने कहा कि अगर सितारे अपने निजी खर्च से इस तरह का काफिला रखते हैं तो कोई समस्या नहीं है, लेकिन जब इसका खर्च निर्माता उठाते हैं तो यह फिल्म के बजट पर अनावश्यक बोझ बन जाता है। उन्होंने यहां तक कहा कि शूटिंग के दौरान सिर्फ बोतलबंद पानी पर होने वाला खर्च भी एक छोटी बजट की फिल्म बनाने के लिए पर्याप्त हो सकता है।

सुधीर पांडे ने बताया कि वह खुद किसी निजी टीम के साथ शूटिंग पर नहीं जाते। जरूरत पड़ने पर उन्होंने एक सहायक रखा था, जिसका खर्च वह खुद उठाते थे। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में बड़े सितारों और चरित्र कलाकारों के बीच सुविधाओं में काफी अंतर है।

अभिनेता ने इस व्यवस्था को समाज में मौजूद सत्ता और प्रभाव की संस्कृति से भी जोड़ते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के पास ताकत आती है, वह अपनी शर्तें चलाने लगता है। उनके मुताबिक, इस तरह की स्थिति को चुनौती देना आसान नहीं होता।